क्या आपने भी नोटिस किया है कि ठंड के मौसम में वजन कम करना गर्मियों से ज्यादा मुश्किल लगता है? आप अकेले नहीं हैं! हर साल सर्दियों में लाखों लोगों का वजन बढ़ जाता है और उसे कम करना एक चुनौती बन जाता है। लेकिन ऐसा क्यों होता है? चलिए साइंस की मदद से समझते हैं कि आखिर ठंड में वजन घटाना इतना मुश्किल क्यों हो जाता है?
शरीर करता है कैलोरी की मांग

सर्दियां वजन घटाने के लिए सबसे अच्छा मौसम नहीं मानी जातीं। इसका कारण यह है कि ठंड में हमारा शरीर स्वाभाविक रूप से कैलोरी बचाकर रखना चाहता है और ज्यादा कैलोरी वाले खाने की मांग करने लगता है। ठंड के मौसम में हम ज्यादा आराम करना और लंबे समय तक सोना पसंद करते हैं। इस दौरान शरीर को ज़्यादा हैवी और कैलोरी से भरपूर खाने की इच्छा होती है। ये कम्फर्ट फूड हमें अंदर से गर्मी देते हैं और शरीर को सैटिसफाई करते हैं।
हार्मोन में बदलाव
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की एक स्टडी बताती है कि मेलाटोनिन हार्मोन का लेवल सर्दियों में 80% तक बढ़ जाता है। मेलाटोनिन हमारी नींद और भूख दोनों को प्रभावित करता है। इसके बढ़ने से नींद में खलल पड़ता है और चिंता बढ़ती है, जिससे लोग ज्यादा कैलोरी वाला खाना खाने लगते हैं।
इसके अलावा, सूरज की कम रोशनी के कारण सेरोटोनिन (खुशी का हार्मोन) भी कम हो जाता है। जब हमें सेरोटोनिन की कमी महसूस होती है, तो हम आराम देने वाले खाने जैसे मिठाई और कार्बोहाइड्रेट की तरफ आकर्षित होते हैं।
फिज़िकल एक्टिविटी हो जाती है कम

18 देशों के 9,300 लोगों पर हुई 26 स्टडीज के रिव्यू में पाया गया कि सर्दियों में फिज़िकल एक्टिविटी सबसे कम होती है, जबकि गर्मियों में सबसे ज़्यादा। ठंड, अंधेरा और बारिश के कारण बाहर निकलने का मन नहीं करता है। सुबह देर तक बिस्तर में रहने का मन करता है और शाम को जल्दी अंधेरा हो जाता है। इसका नतीजा यह होता है कि कसरत छूट जाती है।
विटामिन-डी की कमी के कारण
सर्दियों में हम ज़्यादातर घर के अंदर रहते हैं, जिससे सूरज की रोशनी कम मिलती है। इससे विटामिन-डी की कमी हो जाती है। विटामिन-डी हमारे मेटाबॉलिज़्म के लिए बहुत ज़रूरी है। इसकी कमी से मेटाबॉलिज़्म धीमा हो जाता है और वजन बढ़ने की संभावना बढ़ जाती है।
सीज़नल अफेक्टिव डिसऑर्डर (SAD)

कुछ लोगों को सर्दियों में एक खास तरह की उदासी होती है जिसे सीज़नल अफेक्टिव डिसऑर्डर कहते हैं। इस कंडीसन में वजन बढ़ना एक आम लक्षण है, क्योंकि लोग अपने मूड को बेहतर करने के लिए ज़्यादा खाना खाने लगते हैं। इसके कारण ज़्यादा कैलोरी का इनटेक होता है और कोई एक्टिविटी न होने के कारण वेट बढ़ता जाता है।
सर्दियों में वज़न बढ़ने से कैसे रोकें?
जैसा कि स्टडीज भी बताती हैं कि सर्दियों में वज़न घटाना मुश्किल हो जाता है, लेकिन कुछ आसान तरीकों से आप वजन को कंट्रोल कर सकते हैं-
- अगर आपको बाहर नहीं जाना है, तो आप घर के अंदर ही हल्का व्यायाम करें। योगा, डांस, होम वर्कआउट वीडियो देखकर लाइट एक्सरसाइज़ की जा सकती है।
- सूप, दाल, सब्जियों को डाइट में शामिल करें। अपनी थाली में फाइबर, प्रोटीन और अन्य न्यूट्रिएंट्स का सही बैलेंस रखें।
- जितना हो सके सुबह की धूप में बैठें या टहलें। इससे विटामिन-डी मिलेगा और मूड भी अच्छा रहेगा।
- ही समय पर सोएं और उठें। अच्छी नींद से हार्मोन संतुलित रहते हैं।
- किसी भी चीज़ को एकदम से अपनी रूटीन का हिस्सा न बनाएं। धीरे-धीरे शुरुआत करें।
ठंड में वजन घटाना आसान हो सकता है, अगर सही देखभाल की जाए और डाइट पर ध्यान दिया जाए। थोड़ी समझदारी और प्रयास से आप अपने वजन को नियंत्रित रख सकते हैं। अगर यह लेख अच्छा लगा, तो इसे लाइक करें।
फीचर्ड इमेज सोर्स