Thandai Premix Recipe For Holi 2026: होली पर सबसे ज़्यादा खुशी तो तरह-तरह के पकवान देखकर होती है। गुजिया, मट्ठी, चाट, दही भल्ले और न जाने कितने व्यंजन खास इस दिन बनाए जाते हैं। अब होली हो और उसमें ठंडाई न हो, ऐसा कैसे हो सकता है?
जी हां, रंग खेलते हुए जब स्नैक्स के साथ ठंडाई का गिलास हो, तो मज़ा दोगुना हो ही जाता है। मगर ठंडाई पीने के लिए अब बार-बार दुकान के चक्कर कौन लगाएगा, इसलिए हम आपको ठंडाई बनाना सिखा रहे हैं।
आप पहले से ही ठंडाई प्रीमिक्स बना लेंगे, तो बस आप 5 मिनट में मेहमानों और अपने लिए खास ड्रिंक तैयार कर सकते हैं। आइए जानें क्या है ठंडाई प्रीमिक्स का प्रोसेस?
ठंडाई प्रीमिक्स बनाने के लिए सामग्री-
Image Source
- 1 कप बादाम
- 1 कप काजू
- 1 कप पिस्ता
- ½ कप खरबूजे के बीज
- 1-2 बड़े चम्मच खसखस
- 2 बड़े चम्मच सौंफ
- 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- 8-10 काली मिर्च
- 2 बड़े चम्मच सूखी गुलाब की पंखुड़ियां
- ½ कप मिल्क पाउडर
- स्वादानुसार पिसी हुई चीनी
ऐसे बनाएं ठंडाई प्रीमिक्स-
- सबसे पहले सभी ड्राई फ्रूट्स और बीज अच्छी तरह साफ कर लें।
- बादाम, काजू और पिस्ता मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें।
- अब खरबूजे के बीज, खसखस और सौंफ को अलग से पीस लें।
- इसके बाद काली मिर्च, चीनी और सूखी गुलाब की पंखुड़ियां भी ग्राइंड कर लें।
- अब सारी पिसी हुई सामग्री को एक बड़े बर्तन में अच्छी तरह मिला लें।
- अंत में इलायची पाउडर और मिल्क पाउडर डालकर फिर से मिक्स कर लें।
- बस आपका ठंडाई प्रीमिक्स तैयार है। इसे एयरटाइट डिब्बे में भरकर ठंडी और सूखी जगह पर रखें।
ऐसे बनाएं कूल-कूल ड्रिंक
- एक गिलास ठंडा दूध लें।
- उसमें 2–3 चम्मच ठंडाई प्रीमिक्स मिलाएं और अच्छी तरह घोल लें।
- ऊपर से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स या गुलाब की पंखुड़ियों से सजाएं।
- अगर चाहें तो थोड़ा सा ठंडा पानी या बर्फ भी मिला सकती हैं।
स्वाद बढ़ाने के लिए यह ट्रिक अपनाएं-
Image Source
अगर आप और भी रिच फ्लेवर चाहती हैं तो ड्राई फ्रूट्स और बीज को हल्का सा ड्राई रोस्ट करके पीसें। इससे ठंडाई की खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं। चाहें तो एक चुटकी केसर भी मिला सकती हैं।
ठंडाई बनाते समय न करें ये 5 गलतियां-
कई बार छोटी-छोटी गलतियों की वजह से इसका स्वाद फीका पड़ जाता है। अगर आप चाहती हैं कि आपकी ड्रिंक गाढ़ी, खुशबूदार और परफेक्ट बने, तो ये 5 गलतियां बिल्कुल न करें-
- कई लोग जल्दबाजी में बादाम, पिस्ता या खरबूजे के बीज सीधे मिक्सर में डाल देते हैं। इससे स्वाद खराब हो सकता है और धूल-मिट्टी भी रह सकती है।
- काली मिर्च, सौंफ और इलायची इसका स्वाद बढ़ाते हैं, लेकिन अगर इनकी मात्रा ज़यादा हो जाए तो स्वाद कड़वा लग सकता है।
- अगर आप प्रीमिक्स बना रही हैं और उसमें ज़्यादा चीनी मिलाकर रख देती हैं, तो लंबे समय में उसका स्वाद बदल सकता है।
- अगर पाउडर ठीक से नहीं पिसा या घोला गया, तो ड्रिंक में दाने रह जाते हैं। इससे पीने का मज़ा कम हो जाता है।
- एयरटाइट डिब्बे में न रखने या गीले चम्मच का इस्तेमाल करने से प्रीमिक्स जल्दी खराब हो सकता है।
होली पर जब भी मेहमान आएं, बस प्रीमिक्स निकालें और मिनटों में ठंडाई सर्व करें। इस बार तैयारी पहले कर लें, ताकि त्योहार के दिन आप भी खुलकर रंगों का आनंद ले सकें।
फीचर्ड इमेज सोर्स