सच बताइए, आप भी सर्दियों का इंतज़ार सिर्फ इसलिए करते हैं न ताकि गरमागरम गाजर का हलवा खा सकें? यही तो मज़ा है ठंडी रातों का… रजाई की गर्माहट लिए जब खाने के बाद गाजर का हलवा मिलता है, तो लगता है कि बस, जिंदगी सेट है! इतना ही नहीं, अच्छी लाल गाजर का इंतजार किया जाता है। हफ्तों पहले से तैयारियां होने लगती हैं कि अगले शनिवार या रविवार को हलवा बनेगा।
अब ऐसे में सबसे बड़ी परेशानी पता है कब आती है? तब जब अचानक दूध खत्म हो जाए। गाजर का हलवा बनाने के लिए लोग फुल क्रीम दूध, कंडेंंस्ड मिल्क, तरह-तरह के ड्राई फ्रूट्स और न जानें किन-किन चीजों का इस्तेमाल करते हैं। इसी के चलते कितनी बार हलवा बनाने का प्लान हर दिन टलता रहता है। मगर क्या आपको पता है कि घर पर कुछ ही इंग्रीडिएंट्स में आप बेहतरीन हलवा तैयार कर सकते हैं।
जी हां, मैं कई बार बगैर दूध के गाजर का हलवा बनाती हूं और जो इंग्रीडिएंट इसमें मिलाती हूं वह गाजर को एक क्रीमी टेक्सचर दे देता है। हलवा मुंह में रखते ही घुलने लगता है।
आज इस आर्टिकल में आपको 3-इंग्रीडिएंट्स वाला गाजर का हलवा बनाने का तरीका बताऊंगी। ये रेसिपी इतनी सिंपल है कि आप सोचेंगे, “अरे ये तो मैं रोज़ बना सकता/सकती हूं!” आपको न इसे उबालने की टेंशन होगी और न कोई ज्यादा झंझट… कमाल भी एकदम लाजवाब होगा। चलिए, तो अब देर किस बात की? बगैर दूध के, सिर्फ मलाई, मावा, गाजर और घी से डिलिशियस हलवा तैयार करते हैं।!
गाजर का हलवा कैसे बनाएं?
Image Source
आवश्यक सामग्री:
-
4 कप कद्दूकस की हुई गाजर
-
2-3 बड़े चम्मच घी
-
½ कप मावा (खोया)
-
1 कप मलाई
हलवा बनाने की विधि:
- सबसे पहले पैन या कड़ाही को गर्म करके उसमें घी डालें।
- अब कद्दूकस की हुई गाजर डालकर 10-12 मिनट तक धीमी आंच पर भूनें। इसका रंग थोड़ा बदल जाएगा।
- अब इसमें मलाई डालें और अच्छी तरह मिक्स करें। 5 से 6 मिनट तक पकाएं, जब तक मलाई गाजर में घुल न जाए।
- इसके बाद मावा क्रम्बल करके डालें और लगातार चलाते हुए 7-8 मिनट पकाएं।
- हलवा जब थोड़ा सूखने लगे, तो गैस बंद कर दें। गाजर का हलवा तैयार है। इसका आनंद लें।
हलवा बनाते वक्त ध्यान रखें ये 5 बातें-
Image Source
- गाजर को कद्दूकस करते वक्त ध्यान रखें कि गाजर मोटा न रहे। इससे गाजर पकने में ज़्यादा टाइम लेगा और टेक्सचर भी अच्छा नहीं रहेगा।
- पहले कुछ सेकंड्स गाजर मीडियम हाई आंच पर भून लें। इससे सॉफ्टनेस आ जाएगी इसके बाद, आंच को धीमा करके गाजर पकाएं।
- मलाई तब डालें जब कच्चापन निकल जाए। इससे हलवा क्रीमी बनता है और दूध की कमी महसूस नहीं होती। वहीं, मलाई बहुत देर से डालेंगे तो अलग पानी छोड़ेगी।
- मावा बारीक करके या क्रम्बल करके आखि में डालें ताकि वह अच्छी तरह मिलकर हलवे को टेक्सचर दे।
- मावा और मलाई डालने के बाद गाजर को लगातार चलाते रहें। अगर मावा नीचे लगता है तो वो फिर कड़वा लगेगा।
देखा कितना आसान है न… अब आप भी ये ट्रिक्स आजमाए और इन्हीं इंग्रीडिएंट्स को आजमाकर हलवा जरूर बनाकर देखें। हमें कमेंट करके बताएं कि आपको हलवा कैसा लगा?
फीचर्ड इमेज सोर्स